home page

25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में मनेगी श्री बाबू की जयंती : डॉ. अखिलेश सिंह

 | 
25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में मनेगी श्री बाबू की जयंती : डॉ. अखिलेश सिंह


नवादा, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ श्रीकृष्ण सिंह की जयंती 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में भव्य समारोह के रूप में मनाई जाएगी।

समारोह में बिहार के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को नवादा के धर्मशिला अस्पताल सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने जिले के कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह, जिन्हें लोग सम्मानपूर्वक श्री बाबू के नाम से जानते हैं, का बिहार के निर्माण और विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए। राज्य के विकास की आधारशिला रखने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा कि श्री बाबू के योगदान और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। जयंती समारोह में बिहार के निर्माण में उनके योगदान, विकास की उनकी दूरदर्शी सोच और राज्य के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की मौजूदगी से समारोह को व्यापक राजनीतिक और सामाजिक महत्व मिलने की उम्मीद है।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि श्री बाबू की जयंती केवल एक महापुरुष को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों, विचारों और बिहार के विकास के लिए किए गए कार्यों से प्रेरणा लेने का भी अवसर है। उन्होंने नवादा के लोगों से बड़ी संख्या में पटना पहुंचकर समारोह को सफल बनाने की अपील की।

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, पूर्व विधायक नीतू कुमारी, विकास कुमार समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। नेताओं ने भी श्री बाबू की जयंती समारोह में नवादा की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों से आगे आने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन