home page

श्रावणी मेला व शिवरात्रि को लेकर बक्सर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, 9 से 11 अगस्त तक बड़े वाहनों की नो-एंट्री

 | 

बक्सर, 06 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मास की द्वितीय सोमवारी और शिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए बक्सर पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, बक्सर की ओर से जारी आदेश के अनुसार रविवार 9 अगस्त की शाम 4 बजे से सोमवार 10 अगस्त की सुबह 10 बजे तक तथा सोमवार 10 अगस्त की शाम 4 बजे से मंगलवार 11 अगस्त की सुबह 10 बजे तक बक्सर शहर से ब्रह्मपुर तक विशेष ट्रैफिक प्लान प्रभावी रहेगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना तथा शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाना है।

ट्रैफिक रूट

जारी आदेश के अनुसार इस अवधि में थाना चौक से रामरेखा घाट होते हुए पीपी रोड, तारका नाला से रामरेखा घाट तथा सिंडिकेट से पुलिस चौकी तक सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण अथवा आंशिक प्रतिबंध रहेगा। सिंडिकेट से पुलिस चौकी तक केवल दोपहिया वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी गई है।

वही चारपहिया वाहनों, बसों, ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

जो गोलंबर से बाईपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़, दानी कुटिया, अंबेडकर चौक, स्टेशन, थाना चौक, पाण्डेय पट्टी, गुमटी, स्कॉर्पियो माता मंदिर, डीएवी मोड़ एवं इटाढ़ी रोड के रास्ते विभिन्न श्रेणी के वाहनों का परिचालन कराया जाएगा, ताकि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में दबाव कम किया जा सके।

यहां रहेगी पार्किंग की व्यवस्था

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए किला मैदान, किला मैदान के पीछे, बाजार समिति तथा सिंडिकेट के पास अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है।

इसके अलावा बक्सर से ब्रह्मपुर जाने वाली फोरलेन सड़क की बायीं (उत्तरी) लेन पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल दाहिनी (दक्षिणी) लेन से दोनों दिशाओं का आवागमन कराया जाएगा। वहीं निर्धारित अवधि में बक्सर शहर के अंदर सभी बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। हालांकि एंबुलेंस, रोगियों को ले जाने वाले वाहन एवं अन्य आवश्यक सेवा से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से घर से निकलते समय अपना रेल टिकट साथ रखने तथा आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का उपयोग नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि आमजन के सहयोग से ही श्रावणी मेला एवं शिवरात्रि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सकेगा। श्रद्धालुओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करने की भी अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra