home page

बिहार दिवस पर छपरा में दिव्यांग खिलाड़ियों ने लिया खेल प्रतियोगिता में हिस्सा 

 | 

सारण, 22 मार्च (हि.स.)। बिहार दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के संयुक्त तत्वावधान में राजेंद्र स्टेडियम में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों की खेल प्रतिभा को निखारना और समाज की मुख्यधारा में उनका सशक्तिकरण सुनिश्चित करना था। आयोजन के दौरान जैवलिन थ्रो एवं शॉटपुट स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए खिलाड़ियों ने अपने साहस और खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मैदान पर खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और अनुशासन वास्तव में सराहनीय रहा।

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग ने विजेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, ताकि वे सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

यह आयोजन न केवल दिव्यांगजनों के मनोबल को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित हुआ, बल्कि इसने समाज में उनके प्रति एक सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण का संदेश भी प्रसारित किया। जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार