home page

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, एक की मौत, दो गंभीर

 | 
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, एक की मौत, दो गंभीर


किशनगंज, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत शीतलपुर पंचायत में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, कोल्था पंचायत के ग्रहणखोदा वार्ड संख्या 08 निवासी मैनुल हक अपनी 6 वर्षीय नातिन अरसिफा एवं जलालुद्दीन के साथ इस्लामपुर इलाज कराने जा रहे थे। बताया जाता है कि नातिन का हाथ टूटा हुआ था।

सुबह करीब 8 बजे घर से निकले मैनुल हक जैसे ही शीतलपुर चौक पहुंचे, पीछे से आ रहे बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को कुचल दिया। इस हादसे में मैनुल हक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अरसिफा और जलालुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए इस्लामपुर भेजा गया। वहीं जलालुद्दीन की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें किशनगंज के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक के भाई मोहम्मद सुकुल ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक बालू माफिया से जुड़ा है और पुलिस से बचने के प्रयास में तेज गति से भाग रहा था, इसी दौरान हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शीतलपुर चौक पर 112 नंबर पुलिस वाहन को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की और बाइक को कुचलते हुए फरार हो गया। बताया जाता है कि ट्रैक्टर पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के चौकीदार नूर मोहम्मद का था। चालक बल्दियाहाट का निवासी बताया जा रहा है, जो घटना के बाद ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बल्दियाहाट सड़क को जाम कर आगजनी की और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बालू माफिया पर सख्त कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। जिला परिषद प्रतिनिधि इनामुल हक ने क्षेत्र में बालू माफिया की दबंगई और प्रशासनिक लापरवाही को हादसे का कारण बताया। वहीं मृतक की पत्नी नैरूतीन बेगम ने पति की मौत के बाद परिवार के समक्ष उत्पन्न आर्थिक संकट को लेकर प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई।

मौके पर पहुंचे एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं पोठिया सीओ जव्वाद आलम ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही। प्रशासन के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह