तेज रफ्तार टेम्पो की टक्कर से वृद्ध की मौत, चालक फरार
सीवान, 14 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवधारी मोड़ के पास मंगलवार को तेज रफ्तार टेम्पो की चपेट में आने से 70 वर्षीय एक वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक टेम्पो छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक भीमपुर गांव निवासी विद्या मांझी है। प्रत्यक्षदर्शी मोहित कुमार के अनुसार, विद्या मांझी पेंशन की राशि लेने बाजार गए थे और वापस पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेम्पो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कुछ देर तक वह सड़क किनारे पड़े रहे। बाद में स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाकर बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवधारी मोड़ पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार टेम्पो चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

