home page

तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, पुलिस और अस्पताल पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

 | 
तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, पुलिस और अस्पताल पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा


सीवान, 31 मई (हि.स.)। जिले के मैरवा-गुठनी मुख्य मार्ग पर बभनौली गांव के समीप शनिवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बभनौली गांव निवासी 47 वर्षीय राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि राजकुमार शर्मा गांव में चल रहे यज्ञ को देखकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह घर के दरवाजे के पास पहुंचे, गुठनी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि घर से महज 50 कदम की दूरी पर ही उनकी मौके पर मौत हो गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे।

घटना शनिवार रात करीब 12:10 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मौके से एक बाइक सवार को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया, लेकिन सड़क पर तड़प रहे घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोई व्यवस्था नहीं की।

आनन-फानन में ग्रामीणों ने घायल राजकुमार शर्मा को मैरवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात चिकित्सक ने बिना समुचित जांच किए दवा लिखकर मरीज को रेफर कर दिया, जबकि उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। चिकित्सक के इस रवैये से नाराज ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए।

मृतक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार अभी किसी भी बच्चे की शादी नहीं हुई है। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि जुनैद अंसारी, समाजसेवी धनंजय पांडेय सहित कई स्थानीय लोग रेफरल अस्पताल पहुंचे। स्थिति बिगड़ती देख मैरवा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया।

पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की पहचान गुठनी थाना क्षेत्र के भठही गांव निवासी कृष्णा कुमार राम के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार वह घटना के समय नशे में धुत था और बाइक काफी तेज गति से चला रहा था। हादसे के बाद ग्रामीण उसकी पिटाई करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उसे सुरक्षित हिरासत में ले लिया। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को थाने की हाजत में बंद कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma