home page

न्यू बायपास लाइन पर दौड़ेगी यात्री ट्रेनें, सरायगढ़ के झाझा जंक्शन पर रुकेगी पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन

 | 
न्यू बायपास लाइन पर दौड़ेगी यात्री ट्रेनें, सरायगढ़ के झाझा जंक्शन पर रुकेगी पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन


सुपौल, 26 अप्रैल (हि.स.)। सहरसा–दरभंगा रेलखंड पर लंबे समय से प्रतीक्षित न्यू बायपास रेल मार्ग अब आखिरकार यात्रियों के लिए खुलने जा रहा है। बैजनाथपुर अंदौली से न्यू झाझा जंक्शन तक बने इस नए रेल मार्ग पर 26 अप्रैल से यात्री ट्रेनों के संचालन की औपचारिक शुरुआत होगी। इस फैसले से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है।

खास बात यह है कि 26 अप्रैल से पूर्णिया कोर्ट–आनंद विहार स्पेशल ट्रेन सुपौल जिले के सरायगढ़ स्थित न्यू झाझा जंक्शन पर रुकेगी, जिससे इस नए रूट को पहली बड़ी यात्री सुविधा मिल रही है। रेल विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह ट्रेन रविवार रात से इस बायपास मार्ग पर चलना शुरू करेगी।

अब तक इस लाइन पर केवल मालगाड़ियों का संचालन होता था, जिससे आम यात्रियों को कोई सीधा फायदा नहीं मिल पा रहा था। लेकिन अब यात्री ट्रेन के परिचालन से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है।

इस नई सुविधा से झाझा गांव सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए दूर के स्टेशनों तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही ट्रेन सुविधा मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

गौरतलब है कि न्यू झाझा जंक्शन और बैजनाथपुर अंदौली जंक्शन का उद्घाटन पहले ही हो चुका था, लेकिन यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा थी। अब ट्रेन सेवा शुरू होने से उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में और भी ट्रेनों का ठहराव इन स्टेशनों पर मिलेगा। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। शाम 4:30 बजे पूर्णिया कोर्ट से खुलने के बाद यह 8:45 बजे सुपौल पहुंचेगी और 8:47 बजे प्रस्थान करेगी।

न्यू झाझा जंक्शन पर ट्रेन रात 9:10 बजे पहुंचेगी और 9:15 बजे आगे बढ़ेगी। इसके बाद यह 9:45 बजे निर्मली पहुंचेगी और 9:47 बजे वहां से रवाना होगी।

स्थानीय लोगों ने रेल मंत्रालय से मांग की है कि सहरसा और दरभंगा के बीच चलने वाली अन्य यात्री ट्रेनों का ठहराव भी न्यू झाझा जंक्शन और बैजनाथपुर अंदौली जंक्शन पर दिया जाए। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र