home page

कटिहार-मुंबई स्पेशल ट्रेन के 5 अतिरिक्त फेरे बढ़े, सीमांचल के यात्रियों को मिली बड़ी राहत

 | 
कटिहार-मुंबई स्पेशल ट्रेन के 5 अतिरिक्त फेरे बढ़े, सीमांचल के यात्रियों को मिली बड़ी राहत


कटिहार, 25 जुलाई (हि.स.)। यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ और भारी मांग को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कटिहार–मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (09189/09190) के संचालन में 5 अतिरिक्त फेरों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से कटिहार सहित सीमांचल क्षेत्र के नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों, छात्रों और इलाज के लिए सफर करने वाले मरीजों को आवागमन में बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09189 (मुंबई सेंट्रल–कटिहार) प्रत्येक शनिवार को 01 अगस्त 2026 से 29 अगस्त 2026 तक कुल 5 अतिरिक्त ट्रिप संचालित होगी। वहीं गाड़ी संख्या 09190 (कटिहार–मुंबई सेंट्रल) प्रत्येक मंगलवार को 04 अगस्त 2026 से 01 सितंबर 2026 तक कुल 5 अतिरिक्त ट्रिप चलेगी।

कटिहार रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को आसानी से कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस स्पेशल ट्रेन के समय, ठहराव और कोच संरचना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, तथा सभी व्यवस्थाएं पूर्ववत लागू रहेंगी।

रेल के इस निर्णय से कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया एवं आसपास के जिलों के यात्रियों ने स्वागत किया है। यात्रियों का कहना है कि मुंबई रूट पर वर्षभर रहने वाली भारी भीड़ के दौरान इन अतिरिक्त फेरों से वेटिंग टिकट की समस्या में राहत मिलेगी और यात्रा सुगम होगी। रेलवे के इस निर्णय से कटिहार रेल मंडल के यात्रियों में खुशी का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह