home page

मालदा मंडल ने भागलपुर एवं जमालपुर स्टेशनों पर चलाया विशेष स्वच्छता जागरूकता

 | 
मालदा मंडल ने भागलपुर एवं जमालपुर स्टेशनों पर चलाया विशेष स्वच्छता जागरूकता


भागलपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। मालदा मंडल में चल रहे माहव्यापी स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक गति दी जा रही है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता मालदा प्रदीप दास के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भागलपुर एवं जमालपुर रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

भागलपुर स्टेशन पर स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं रेलवे अधिकारियों द्वारा एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ट्रेन संख्या 12367 (विक्रमशिला एक्सप्रेस) में ऑनबोर्ड जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें स्लीपर कोच के लगभग 200 यात्रियों को स्वच्छता संबंधी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों के बीच स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। जमालपुर स्टेशन पर स्टेशन के एप्रोच एरिया में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिससे वहां की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 20508 सैरांग राजधानी एक्सप्रेस में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं अन्य रेलवे अधिकारियों द्वारा ऑनबोर्ड जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पैंट्री कार के कर्मचारियों को रेलवे ट्रैक पर कचरा न फेंकने एवं पैंट्री कार में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष रूप से परामर्श दिया गया।

पूरे अभियान के दौरान रेलवे कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए रेलवे ट्रैक, स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से कचरा, प्लास्टिक अपशिष्ट एवं अन्य अवांछित सामग्री को एकत्र कर हटाया। ट्रैक क्षेत्र, स्टेशन प्रवेश द्वार एवं महत्वपूर्ण परिचालन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर