home page

गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन, कई पंचायतों में पारित हुआ ‘बाल विवाह मुक्त ग्राम’ का प्रस्ताव

 | 
गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन, कई पंचायतों में पारित हुआ ‘बाल विवाह मुक्त ग्राम’ का प्रस्ताव


भागलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास निगम और जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में गांधी जयंती के अवसर पर ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया।

इस दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। जगदीशपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में इस अभियान को लेकर भारी उत्साह देखा गया। प्रखंड के जमनी, पुरैनी टोला सोनुचक, जगदीशपुर, भवानीपुर देसरी, पुरैनी उत्तरी, पुरैनी दक्षिणी एवं बैजनी में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में सर्वसम्मति से ‘बाल विवाह मुक्त ग्राम’ बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह प्रस्ताव केवल एक औपचारिक संकल्प नहीं है, बल्कि ग्राम समुदाय द्वारा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी स्वीकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे स्थानीय स्तर पर कार्यरत संस्थाओं और ग्रामीणों के बीच समन्वय बढ़ेगा और बाल विवाह की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई के लिए सामुदायिक तंत्र मजबूत होगा। ग्राम सभाओं में उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह न करने, न कराने तथा इसकी जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के जिला परियोजना प्रबंधक मणिशंकर, मिशन शक्ति के जिला मिशन समन्वयक तबरेज़ खान, जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार और वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अभिषेक सुमन ने मुख्य भूमिका निभाई। इसके साथ ही सहयोगी संस्था ‘मुक्ति निकेतन’ के जिला समन्वयक कृष्ण कुमार मंडल, प्रखंड समन्वयक नवल किशोर मंडल व श्री शशि मेहता सहित दीपक सिंह, सोमेश कुमार, हेमा कुमारी, स्वीटी प्रिया ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता दर्ज कराई। इस पहल से गांवों में बाल विवाह के प्रति शून्य-सहनशीलता की प्रतिबद्धता को बल मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर