एसपी ने सुनी आम लोगों की शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
सुपौल, 28 सितंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक, सुपौल द्वारा सोमवार को आम जनता की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से एसपी को अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन के लिए एसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की जांच निष्पक्ष एवं गंभीरता से करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने की हिदायत दी गई।
एसपी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने की आवश्यकता है।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने तथा इसकी अद्यतन स्थिति से अवगत कराने का निर्देश भी दिया।
पुलिस प्रशासन की ओर से आम लोगों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

