home page

एसपी का बड़ा एक्शन, 21 थानाध्यक्षों का वेतन रोका

 | 

सीवान, 29 मई (हि.स.)। गंभीर और चर्चित कांडों के त्वरित निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्षों पर पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बड़ी कार्रवाई की है।

वरीय अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी और कार्य के प्रति उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जिले के 21 थानाध्यक्षों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना द्वारा गंभीर एवं चर्चित मामलों के शीघ्र निष्पादन और साक्ष्य पूर्ण कांडों में त्वरित विचारण सुनिश्चित कराने को लेकर सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे। इसके तहत पुलिस कार्यालय,सीवान की अभियोजन एवं त्वरित विचारण शाखा द्वारा पिछले दो माह से सभी थानों से अद्यतन कांडों की सूची मांगी जा रही थी।

इसके बावजूद अधिकांश थानों द्वारा निर्धारित सूची उपलब्ध नहीं कराई गई। इसे वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा कार्य में घोर लापरवाही मानते हुए एसपी पुरन कुमार झा ने सख्त रुख अपनाया और संबंधित थानाध्यक्षों के विरुद्ध कार्रवाई कर उनका वेतन रोक दिया।

जिन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है उनमें नगर थाना के अविनाश कुमार, मुफस्सिल थाना के उपेन्द्र कुमार सिंह, बड़हरिया थाना के छोटन कुमार, हुसैनगंज थाना के मोहन प्रसाद सिंह, धनौती थाना के दिनेश कुमार पाण्डेय, महादेवा थाना के विनित विनायक, सराय थाना के विकास कुमार बिट्टू, जीरादेई थाना के राहुल कुमार तिवारी, मैरवा थाना के राहुल कुमार, गुठनी थाना के सुनील कुमार, आन्दर थाना के सुनील कुमार, रघुनाथपुर थाना के रविरंजन सिंह, असांव थाना के संतोष कुमार, एमएच नगर थाना के राजीव कुमार पटेल, सिसवन थाना के चितरंजन कुमार, चैनपुर थाना के विजय रंजन कुमार, जीबी नगर थाना के राजेश कुमार सिंह, बसंतपुर थाना के राजू कुमार, दरौंदा थाना के विकास कुमार सिंह, महिला थाना की सोनी कुमारी तथा एससी-एसटी थाना के अरविंद कुमार शामिल हैं।

एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने स्पष्ट किया कि त्वरित अनुसंधान और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सिवान पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma