home page

सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में 3.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

 | 
सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में 3.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक


मुजफ्फरपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मुजफ्फरपुर में सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है।रात 12 बजे से ही बाबा के जलाभिषेक का सिलसिला जारी है। मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया पथ तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी है।

मंदिर प्रशासन के मुताबिक अब तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा डाक कांवरियों और श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक किया है। वहीं, आज पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

खास बात यह है कि इस बार सावन की दूसरी सोमवारी के साथ प्रदोष तिथि भी पड़ रही है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वहीं, पहली बार श्रद्धालुओं पर चौपर से पुष्पवर्षा भी की जा रही है।

मंदिर के मुख्य पुजारी अभिषेक पाठक ने बताया कि अब तक करीब डेढ़ लाख डाक कांवरिया और दो लाख से ज्यादा अन्य कांवरिया एवं श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक कर चुके हैं। दूसरी सोमवारी पर पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंच सकते हैं।उन्होंने कहा कि सावन की दूसरी सोमवारी के साथ प्रदोष तिथि होने से इस बार बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा करीब 3200 स्वयंसेवकों को श्रद्धालुओं की मदद और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी दी गई है।

मेला क्षेत्र और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पैनिक बटन की व्यवस्था भी की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी