जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोलर लोन मेला कार्यक्रम का आयोजन
नालंदा, 06 मई (हि.स.)।
जिला मुख्यालय स्थित बिहारशरीफ कार्यालय के प्रागंण में बुधवार को कुंदन कुमार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विद्युत आपूर्ति प्रमण्डल, सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत सोलर लोन मेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सर्वप्रथम विद्युत अधीक्षण अभियंता मनीष कांत द्वारा जिला पदाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी, नालंदा, उप विकास आयुक्त, नालंदा एवं बैंक के वरीय पदाधिकारियों द्वारा सामुहिक रूप से दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा मेले में स्थापित बैंको एवं सोलर संवेदकों के सभी स्टॉल का एक-एक कर निरीक्षण किया गया एवं उपकरणों के बारे में जानकारी भी प्राप्त की गई।
इस दौरान जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा आये सभी बैंक के वरीय प्रतिनिधियों से कार्यालय कक्ष में मुलाकात की एवं लोन प्रदान करने के क्रम में उपभोक्ता एवं बैंक दोनों को होने वाली समस्याओं के संबंध में विचार-विमर्श कर प्रक्रिया को और सरल बनाने हेतु प्रोत्साहित किया।
उनके द्वारा कार्यालय परिसर में स्थापित मीटर जांच लैब का निरीक्षण किया गया एवं उपभोक्ताओं के परिसर में स्थापित होने से पूर्व की जाने वाली मीटर जांच की प्रक्रिया का अवलोकन भी किया गया। उनके द्वारा विभागीय पदाधिकारियों को जांच से संबंधित फायदों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया, जिससे की मीटर संबंधित भ्रांतियां ना उत्पन्न हो सके।
विद्युत अधीक्षण अभियंता, नालंदा द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित उपभोक्ताओं, संवेदकों एवं मिडिया कर्मियों का आगमन हेतु मंच से अभिनंदन किया गया एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत नालंदा जिला द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियों का प्रमुखता से उल्लेख किया गया जिसमें उनके द्वारा बताया गया कि जागरूक उपभोक्ताओं एवं कर्मठ संवेदको के परिश्रम से नालंदा बिहार राज्य में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। उनके द्वारा पूर्व में बैंको द्वारा दर्ज किये जा रहे लोन रिजेक्शन 42 प्रतिशत से वर्तमान में दर्ज 21 प्रतिशत की गिरावट का संज्ञान दिया गया एवं बैंको द्वारा किये जा रहे सकारात्मक कार्य का उल्लेख किया गया।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी, नालंदा द्वारा 15 (पन्द्रह) ऐसे उपभोक्ताओं को चेक प्रदान किया गया जिनके द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर संयंत्र स्थापित करने हेतु सस्ती दरों पर लोन प्राप्त करने हेतु आवेदित किया गया था। ।
उपभोक्ताओं को चेक धनराशि के साथ विभाग की ओर से पुरस्कार भी प्रदान किये गये। साथ ही ऑन द स्पॉट पंजीकरण केन्द्र पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवेदन करने वाले 17 (सत्तरह) उपभोक्ताओं को भी विद्युत विभाग द्वारा पुरस्कृत किया गया।
मेले में स्टॉल स्थापित करने वाले बैंको एवं सोलर संवेदकों को भी विद्युत विभाग द्वारा पुरस्कार प्रदान किये गये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

