home page

सुपौल में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई सिपाही भर्ती परीक्षा

 | 
सुपौल में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई सिपाही भर्ती परीक्षा


सुपौल में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई सिपाही भर्ती परीक्षा


सुपौल, 28 जून (हि.स.)। जिले में रविवार को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।

परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुपौल अनुमंडल अंतर्गत बनाए गए आठ परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय पर पहुंचकर परीक्षा में भाग लिया। जिला प्रशासन द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से निष्कासन, गड़बड़ी या अनुचित साधन के प्रयोग का कोई मामला सामने नहीं आया।

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) परीक्षा को लेकर जिले में सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ देखी गई। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई।

सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हो सके।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सुपौल अनुमंडल क्षेत्र में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 4488 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। इनमें से 1830 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 2658 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में शामिल किसी भी अभ्यर्थी को निष्कासित नहीं किया गया। साथ ही किसी भी अभिभावक या अन्य व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

सुपौल के सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय, सुपौल परीक्षा केंद्र पर कुल 528 अभ्यर्थियों का नामांकन था, जिसमें 201 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 327 अनुपस्थित रहे। वहीं हजारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, गौरवगढ़ केंद्र पर 576 अभ्यर्थियों में 234 उपस्थित और 342 अनुपस्थित रहे। टीपीएस उच्च विद्यालय, चकला निर्मली, सुपौल में कुल 600 अभ्यर्थियों में से 217 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 383 अनुपस्थित रहे। बच्चन आदर्श मध्य विद्यालय, चकला निर्मली केंद्र पर 288 अभ्यर्थियों में 118 उपस्थित और 170 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल केंद्र पर सबसे अधिक 744 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिसमें 301 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 443 अनुपस्थित रहे। रजनीकांत पब्लिक स्कूल, सुपौल में 504 अभ्यर्थियों में 230 उपस्थित और 274 अनुपस्थित रहे।

आरएसएम पब्लिक स्कूल, सुपौल परीक्षा केंद्र पर कुल 744 अभ्यर्थियों में 326 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 418 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं बच्चन विश्वेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल केंद्र पर 504 अभ्यर्थियों में 203 उपस्थित और 301 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी रखी गई।

केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों ने भी शांतिपूर्ण व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।

जिला प्रशासन की रिपोर्ट में बताया गया कि 28 जून 2026 को आयोजित केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) परीक्षा सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन ने परीक्षा में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मियों और सुरक्षा बलों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र