home page

कादोगांव हॉल्ट के पास पटरी के नीचे मिट्टी खिसकी, हादसे का खतरा

 | 
कादोगांव हॉल्ट के पास पटरी के नीचे मिट्टी खिसकी, हादसे का खतरा


किशनगंज, 05 अक्टूबर (हि.स.)। ठाकुरगंज प्रखंड के सुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत तातपौआ पंचायत के कादोगांव रेलवे हॉल्ट के समीप अररिया-गलगलिया रेलखंड पर रेलवे पटरी के नीचे मिट्टी खिसकने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। रेल लाइन के नीचे मिट्टी कटने से सुरंग जैसी स्थिति बन गई है। पटरी के नीचे खाली जगह बनने की सूचना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं होने पर बड़े हादसे की आशंका जताई है।

बताया जाता है कि कादोगांव हॉल्ट के पास रेल लाइन के किनारे की मिट्टी कटकर नीचे की ओर बह गई है। लगातार मिट्टी के कटाव के कारण पटरी के नीचे खाली स्थान बन गया है। यदि कटाव का सिलसिला जारी रहा तो रेलवे ट्रैक की मजबूती प्रभावित हो सकती है और ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका है। कटाव को रोकने के लिए रेलवे की ओर से फिलहाल बोरियों में मिट्टी भरकर प्रभावित स्थल के किनारे डाली गई है।हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से पटरी के नीचे मिट्टी खिसकी है, उसे देखते हुए यह अस्थायी इंतजाम पर्याप्त नहीं है।प्रभावित हिस्से की स्थायी मरम्मत और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रेलखंड पर नियमित रूप से ट्रेनों का परिचालन होता है। ऐसे में ट्रैक के नीचे मिट्टी का कटाव बढ़ना गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने रेलवे से तत्काल स्थल का तकनीकी निरीक्षण कराकर ट्रैक के नीचे मजबूत आधार तैयार कराने की मांग की है। मामले में रेलवे अधिकारी एसडीआरएम डी. वर्मा ने दुरभाष पर बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है। उन्होंने कहा कि इंजीनियरों और रेलवे अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। स्थल की स्थिति की जांच के बाद आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।

अररिया से गलगलिया तक नए रेलखंड की लंबाई करीब 110 से 111 किलोमीटर है। यह पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार डिवीजन के अंतर्गत आता है और बिहार के सीमांचल क्षेत्र को पश्चिम बंगाल से जोड़ता है। ठाकुरगंज और पौआखाली के बीच स्थित कादोगांव हॉल्ट के समीप ट्रैक के नीचे मिट्टी कटने की घटना ने रेल सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह