सुपौल में सांप के डंसने से बच्चे की मौत, गांव में पसरा मातम
सुपौल, 03 सितंबर (हि.स.)। किशनपुर थाना क्षेत्र के मेहसीमर गांव में बुधवार देर रात सर्पदंश की घटना में 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान मेहसीमर पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी सिकंदर दास के पुत्र रोहित कुमार (11) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
बताया गया कि रोहित रात में खाना खाने के बाद अपने घर में सो गया था। देर रात करीब दो बजे उसे किसी जीव के डंसने का एहसास हुआ। इसके बाद उसने आवाज लगाकर अपने पिता को बुलाया। परिजन उसके पास पहुंचे तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। परिवार के लोगों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर होती चली गई। कुछ ही देर बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और अन्य परिजन रोने-बिलखने लगे। घटना की जानकारी स्थानीय स्तर पर पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलने के बाद किशनपुर थाना पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। गुरुवार को चिकित्सकों की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों से घर के आसपास साफ-सफाई रखने और रात में सोने से पहले आसपास के स्थानों की सावधानीपूर्वक जांच करने की अपील की जाती है। सर्पदंश की आशंका होने पर पीड़ित को झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए, ताकि समय पर उपचार मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

