home page

28 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की विशेष मुहिम को मिली बड़ी कामयाबी

 | 
28 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की विशेष मुहिम को मिली बड़ी कामयाबी


भागलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ईशाकचक थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 28 ग्राम स्मैक के साथ एक शातिर ड्रग तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी तातारपुर थाना क्षेत्र के रामसर कुम्हारटोली निवासी दिनेश चौधरी का पुत्र आयुष कुमार है। उक्त आशय की जानकारी गुरुवार को एसएसपी कार्यालय के हवाले से दी गई।

बताया गया कि पुलिस ने उसके पास से नशीले पदार्थ के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ईशाकचक थाना क्षेत्र के बौंसी पुल स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के पास बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश और सिटी एसपी की निगरानी में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने जैसे ही मौके पर दबिश दी, पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। हालांकि, मुस्तैद सशस्त्र बल के जवानों ने पीछा कर उसे धर दबोचा।

उल्लेखनीय है कि भागलपुर के एसएसपी के निर्देश पर जिले के युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर महाअभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न हॉट-स्पॉट्स पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उससे पूछताछ कर इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर