गंगा के जलमार्ग से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 948 बोतल विदेशी शराब जब्त,तीन तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। सड़क मार्ग पर पुलिस की कड़ी निगरानी से बचने के लिए शराब तस्कर अब गंगा के जलमार्ग का सहारा ले रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार तड़के करीब चार बजे सबौर थाना की पुलिस ने इंग्लिश गांव स्थित काली स्थान के पास गंगा किनारे बड़ी कार्रवाई करते हुए नाव से उतारी गई 948 बोतल (कुल 288.9 लीटर) विदेशी शराब बरामद की है।
मौके से पुलिस ने तीन पेशेवर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। भोर के अंधेरे में जैसे ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तस्करों में हड़कंप मच गया। पकड़े जाने के डर से कुछ तस्करों ने अपने पास मौजूद हथियार गंगा नदी में फेंक दिए। इसी दौरान नाव चालक अंधेरे का फायदा उठाकर नाव सहित नदी के रास्ते फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।
सबौर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों तस्कर इंग्लिश गांव के ही रहने वाले हैं, जिनकी पहचान सुमीत कुमार, सुनील कुमार और मनोज कुमार के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपित पेशेवर शराब धंधेबाज हैं। वे गंगा के उस पार से नाव के जरिए शराब की खेप मंगाकर इंग्लिश गांव के किनारे उतारते थे और फिर स्थानीय स्तर पर इसकी डिलीवरी करते थे। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जानी थी। आरोपितों की निशानदेही पर फरार नाव चालक और नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

