home page

वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो से 382 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

 | 
वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो से 382 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले की गोराडीह थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गयी है। पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। इस संबंध में भागलपुर के विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।

डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि गोराडीह थाना के समीप पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी पुलिस बल को देखकर भागने लगी। गाड़ी की संदिग्ध गतिविधि को देख पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई और पीछा कर बोलेरो को घेरकर पकड़ लिया। जब बोलेरो की तलाशी ली गई, तो उसमें से कुल 382.160 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से बोलेरो चालक सह तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के पिलखी निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और भागलपुर या इसके आसपास के इलाकों में इसे कहां पहुंचाया जाना था। फिलहाल पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है और उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर