home page

भागलपुर में 'स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई: 03 ग्राम ब्राउन शुगर और देशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

 | 
भागलपुर में 'स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई: 03 ग्राम ब्राउन शुगर और देशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार भागलपुर जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर नामक विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी एसपी अतुलेश झा ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर पुलिस को मिली एक बड़ी सफलता की जानकारी दी।

सिटी एसपी ने बताया कि नाथनगर पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीरामपुर पुल के पास कुछ अपराधी अवैध मादक पदार्थों का संग्रह कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और सिटी एसपी की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 और नाथनगर थानाध्यक्ष कर रहे थे। गठित टीम जब नाथनगर थाना अंतर्गत श्रीरामपुर पुल के पास पहुंची, तो वहां पुलिस बल को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा। मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर उसे धर-दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय मंडल (पिता- स्वर्गीय सोनी मंडल), निवासी- श्रीरामपुर, थाना- नाथनगर, जिला- भागलपुर के रूप में हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त की विधिवत तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 03 ग्राम ब्राउन शुगर, 10 लीटर देशी शराब और 9,590 नगद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने नाथनगर थाना कांड संख्या- 260/26 दर्ज कर सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस नशीले पदार्थ के कारोबार में जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर