home page

स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान के तहत ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान के तहत ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। जिले में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले अवैध मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे विशेष महाअभियान स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर के तहत जगदीशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध ब्राउन शुगर के कारोबार में संलिप्त एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एसएसपी कार्यालय द्वारा बुधवार को दी गई।

पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि जगदीशपुर थाना क्षेत्र के साकिन-जगदीशपुर का रहने वाला मोनू कुमार (पिता- संजय साह) अपने घर से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री का काला कारोबार चला रहा है।

सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) व जगदीशपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगदीशपुर स्थित अभियुक्त के ठिकाने पर विधिवत छापेमारी की।

पुलिस ने मौके से आरोपी मोनू कुमार को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 ग्राम ब्राउन शुगर और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के 13,420 नगद बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद सामान को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर