home page

भारत-नेपाल सीमा पर 80 ग्राम ब्राउन शुगर व नेपाली मुद्रा के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर 80 ग्राम ब्राउन शुगर व नेपाली मुद्रा के साथ तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 01 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है।

संयुक्त कार्रवाई में दिघलबैंक थाना क्षेत्र के मोहमारी खरवार टोला निवासी शाहनवाज हुसैन को 80 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में नेपाली और भारतीय मुद्रा, छह मोबाइल फोन तथा एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 80 ग्राम ब्राउन शुगर, 23 लाख 47 हजार 900 नेपाली रुपये, 30 हजार 550 भारतीय रुपये, छह मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद हुई।

बरामद सामान को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी के पास से बरामद नेपाली मुद्रा की बड़ी मात्रा इस बात की ओर संकेत करती है कि उसका संबंध सीमा पार संचालित किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से हो सकता है।

प्रारंभिक पूछताछ में भी आरोपी के संपर्क नेपाल स्थित तस्करों से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए छह मोबाइल फोन की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच कराई जाएगी।

इनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डिजिटल डेटा के विश्लेषण के माध्यम से पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य सहयोगियों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा।

मामले में सीमा पार सक्रिय तस्करी गिरोहों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। भारत-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले में ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी शाहनवाज हुसैन के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद मादक पदार्थ, नकदी और अन्य सामान को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह