कुर्साकांटा पुलिस ने 122 किलो गांजा के साथ पांच तस्करों को किया गिरफ्तार
अररिया, 21 नवम्बर(हि.स.)। जिले की कुर्साकांटा थाना पुलिस ने महेशपुर बासपट्टी के समीप बीती देर रात्रि करीबन डेढ़ बजे कार्रवाई करते हुए 122 किलो गांजा के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने गांजा लदे पिकअप गाड़ी और लाइनर के रूप में चल रहे तस्कर के बाइक को भी जब्त किया है।
कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि शुक्रवार की देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से गांजे की खेप भारतीय क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम महेशपुर बासपट्टी के समीप घात लगाकर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।इसी दौरान पिकअप के आगे लाइनमैन के रूप में चल ररहे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को भी पुलिस ने रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, तस्करी में शामिल अन्य लोगों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। वजन कराने पर कुल 122 किलो गांजा बरामद हुआ।थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांजे की खेप नेपाल की ओर से कपड़फोड़ा, लक्ष्मीपुर के रास्ते महेशकूट होते हुए अररिया की ओर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने सभी पांचों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर थाना लाया।
गिरफ्तार पिकअप चालक सह मालिक शुभेश कुमार मंडल (25), सोनामनी गोदाम थाना क्षेत्र के जागीर परासी पंचायत अंतर्गत सेनवारी वार्ड संख्या छह निवासी धनेश्वर मंडल के पुत्र हैं।वहीं खलासी मो. हजरत (25), फारबिसगंज थाना क्षेत्र के भलुआ वार्ड संख्या 11 निवासी मो. असलम के पुत्र हैं।इसके अलावा बाइक पर सवार तीन युवकों को भी गिरफ्तार किया गया।इनमें सोनामनी गोदाम थाना क्षेत्र के आशाभाग बटराहा वार्ड संख्या 14 निवासी अजहर अंसारी (20), पिता जाकिर अंसारी, अकमल अंसारी (20), पिता मो. जलाल अंसारी और मसलेउद्दीन अंसारी (21), पिता मो. मैनुल अंसारी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक गांजा लदे पिकअप को निर्धारित रास्ते से गंतव्य तक पहुंचाने में सहयोग कर रहे थे। सभी आरोपितों को गांजा और जब्त वाहनों के साथ थाना लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

