एसएसबी ने नेपाल से तस्करी कर लाए गए चाइनीज सेव और नाशपाती किया जब्त, दो गिरफ्तार
अररिया 16 जून(हि.स.)।
एसएसबी 56वीं वाहिनी की आई समवाय जोगबनी की टीम ने जोगबनी के दक्षिण महेश्वरी सीमांचल अस्पताल के पास मंगलवार दोपहर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप पर लदे 450 किलो चाइनीज सेव और 70 किलो नाशपाती को जब्त किया।
एसएसबी ने यह कार्रवाई जोगबनी दक्षिण महेश्वरी में सीमा स्तंभ संख्या 179/02 के नजदीक भारत की तरफ की।चाइनीज सेव और नाशपाती को तस्करी कर नेपाल से भारत की ओर लाया जा रहा था। जिसे सशस्त्र सीमा बल के विशेष गश्ती टीम द्वारा जब्त किया गया।
मामले में एसएसबी ने पिकअप पर सवार दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों में मधेपुरा जिला के घईलर थाना क्षेत्र के पिपराही गांव का रहने वाला 45 वर्षीय शंभू यादव पिता महेश्वरी यादव और रानीगंज थाना क्षेत्र के हाँसा के 35 वर्षीय रवि सिंह पिता स्व. हरि सिंह है।
एसएसबी ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद जब्त सेव और नाशपाती के साथ गिरफ्तार तस्कर को फारबिसगंज कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

