एसएसबी और कुआड़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तस्करी के 11 मवेशी जब्त
अररिया 25 अक्टूबर(हि.स.)। एसएसबी 52 वीं बटालियन की कुआड़ी बाह्य सीमा चौकी और कुआड़ी थाना पुलिस ने रविवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नेपाल से तस्करी कर भारतीय क्षेत्र में लाए गए 11 मवेशियों को पकड़ा।हालांकि मामले में किसी तस्कर को गिरफ्तार नहीं किया जा सका।एसएसबी और पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई शीशाबाड़ी गांव के पास भारत नेपाल बॉर्डर पर की गई।पकड़े गए मवेशियों में 10 बैल और एक गाय है।
एसएसबी 52वीं वाहिनी के कैंप कमांडर विश्वनाथ घोष ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नेपाल से मवेशियों का बड़ा झुंड भारतीय क्षेत्र में तस्करी के लिए ला रहे हैं।सूचना के आधार पर सीमा चौकी कुआड़ी के एसएसबी जवानों और कुआड़ी थाना पुलिस की टीम ने शीशाबाड़ी गांव के इर्द गिर्द गश्ती और जांच अभियान चलाया।इसी दौरान मवेशियों का झुंड मिला, लेकिन उनके साथ कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।संयुक्त टीम ने आसपास के लोगों से मवेशियों के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद सभी मवेशियों को जब्त कर कुआड़ी थाना पुलिस को सौंप दिया गया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
संयुक्त अभियान में एसएसबी की ओर से सहायक उप निरीक्षक इंदर सिंह, मुख्य आरक्षी आलोक कुमार और आरक्षी रमेश कुमार शामिल रहे।वहीं, कुआड़ी थाना पुलिस की ओर से पीटीसी सुजीत कुमार, होमगार्ड के जवान वीरेंद्र कुमार मंडल, जितेंद्र कुमार सिंह और महिला आरक्षी भारती कुमारी सहित अन्य जवान मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

