मुख्यमंत्री सम्राट ने दिल्ली से लौटते ही नीतीश कुमार से की शिष्टाचार मुलाकात
पटना, 22 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को दो दिवसीय दिल्ली दौरे से पटना लौट आए है। पटना लौटने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की। नीतीश कुमार ने सम्राट का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों की इस मुलाकात को बेहद खास माना जा रहा है। इसका बड़ा कारण बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार है जिस पर सबकी नजर टिकी है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार काे दिल्ली का दौरा किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और संगठनात्मक स्तर पर भी सक्रिय रहे। मंगलवार को उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा समेत कई नेताओं से बातचीत की। वहीं, दिल्ली में उन्होंने आरएसएस मुख्यालय का भी दौरा किया। जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी उनकी दो बार मुलाकात हुई, जिसमें बिहार के राजनीतिक हालात और मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे के बाद नए मंत्रियों के शपथ को लेकर कोई तारीख तय नहीं होने से मंत्रिमंडल विस्तार अटका हुआ है। सूत्रों के अनुसार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की व्यस्तता इसकी मुख्य वजह मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

