home page

सारण में हत्या और गृहभेदन कांड में छह अभियुक्त गिरफ्तार

 | 
सारण में हत्या और गृहभेदन कांड में छह अभियुक्त गिरफ्तार


सारण, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले में वांछित एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सफलता मिली है।

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या और गृहभेदन के मामलों में कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पहली कार्रवाई में अवतारनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर हत्या कांड संख्या-321/25 में फरार दो अभियुक्तों राजेश राय और पप्पू राय ग्राम मौजमपुर फुलवरिया टोला निवासी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार राजेश राय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

दूसरी कार्रवाई में कोपा थाना पुलिस ने गृहभेदन कांड संख्या-194/24 के फरार अभियुक्त ककु नट को गिरफ्तार किया। ककु नट पर कोपा, रिविलगंज और बनियापुर थानों में आर्म्स एक्ट व उत्पाद अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं।

वहीं, तीसरी कार्रवाई में पानापुर थाना पुलिस ने कांड संख्या-333/25 में फरार तीन अभियुक्तों मुंद्रिका साह, विक्की साह और सुभाष साह ग्राम रसौली को गिरफ्तार किया।

पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार