home page

बाल कृष्ण-राधा के रूप में सजे बच्चों ने मोहा मन, श्रीकृष्ण बाल मेला में दिखी प्रतिभा और संस्कार की झलक

 | 
बाल कृष्ण-राधा के रूप में सजे बच्चों ने मोहा मन, श्रीकृष्ण बाल मेला में दिखी प्रतिभा और संस्कार की झलक


सीवान, 03 सितंबर (हि.स.)। शहर के भगवान पैलेस में गुरुवार को सोसाइटी हेल्पर ग्रुप ट्रस्ट की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण बाल मेला 2026 में बाल कृष्ण और राधा रानी के रूप में सजे सैकड़ों बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। नृत्य, गायन और विभिन्न खेलों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि डॉ. रूपेश कुमार सोनी, डॉ. गणेश दत्त पाठक, डॉ. शम्सुद्दीन आजाद, डॉ. आरती आलोक वर्मा, पत्रकार अरविंद पाठक, राजा भैया और आशीष कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मेले में बच्चों ने बाल कृष्ण और राधा रानी का रूप धारण कर अपनी आकर्षक वेशभूषा से सभी का ध्यान खींचा। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन स्थल पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को ट्रस्ट की ओर से पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि संजय पाण्डेय ने कहा कि सोसाइटी हेल्पर ग्रुप ट्रस्ट, टीम अनमोल द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है। इस तरह के आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलता है और उनमें भारतीय संस्कृति व संस्कारों के प्रति जुड़ाव बढ़ता है। बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से जोड़ना पुनीत कार्य है। ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष अनमोल कुमार ने कहा कि श्रीकृष्ण बाल मेला जैसे आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति और संस्कारों के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं। ट्रस्ट का उद्देश्य सीवान में बेहतर समाज के निर्माण के साथ संस्कारवान और प्रतिभाशाली पीढ़ी तैयार करना है। मौके पर ट्रस्ट के सचिव अभिमन्यु कुमार, कार्यकारिणी अध्यक्ष चंदन कुमार, कोषाध्यक्ष सूरज कुमार, प्रवक्ता नीतीश कुमार, आशीष रंजन, कंचन, प्रीतम, अंकित कुमार सहित ट्रस्ट के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma