home page

नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा, सीवान में हर माह होगी एनकॉर्ड समिति की समीक्षा बैठक

 | 
नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा, सीवान में हर माह होगी एनकॉर्ड समिति की समीक्षा बैठक


सीवान, 30 मई (हि.स.)। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने पुलिस, उत्पाद विभाग, औषधि विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से पिछले तीन महीनों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों, जब्त मादक पदार्थों, गिरफ्तार अभियुक्तों तथा दोषसिद्धि की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और गुप्त सूचना तंत्र को मजबूत करने पर बल दिया।

युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में “नशा मुक्त बिहार” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी को इसकी मासिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।

बैठक में औषधि निरीक्षक को बिना चिकित्सकीय पर्ची के कोडीन युक्त कफ सिरप एवं अन्य नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोरों पर सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध लाइसेंस रद्द करने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर प्रदेश सीमा से सटे क्षेत्रों में अवैध शराब एवं गांजा की तस्करी रोकने के लिए उत्पाद विभाग और पुलिस को संयुक्त जांच चौकियां स्थापित करने तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला मुख्यालय में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने, मनोचिकित्सक की प्रतिनियुक्ति करने तथा चौबीसों घंटे परामर्श सेवा उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि “युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने और प्रत्येक माह एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के कारोबार या तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी आपातकालीन सेवा 112 अथवा जिला नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma