प्रेमी के परिवार ने अपनाने से किया इनकार तो रेलवे टावर पर चढ़ी प्रेमिका, कोर्ट मैरिज की मांग पर अड़ी रही
सीवान, 23 अक्टूबर (हि.स.)। प्रेमी के परिवार वालों ने जब अपनाने से इनकार कर दिया, तो प्रेमिका ने शुक्रवार को ऐसा कदम उठाया कि सीवान जंक्शन पर अफरा-तफरी मच गयी।
प्रेमी से शादी कराने की जिद पर अड़ी महिला रेलवे के माइक्रोवेव टावर पर चढ़ गयी। उसकी मांग थी कि प्रेमी को बुलाया जाये और दोनों की कोर्ट मैरिज करायी जाये। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान आरपीएफ, अग्निशमन विभाग और डायल 112 की पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी रही। आखिरकार शाम 4:10 बजे महिला टावर से नीचे उतरी, जिसके बाद आरपीएफ ने उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के बिरलो थाना क्षेत्र के बधुपुर निवासी चंद्रिका राजभर की विवाहित पुत्री अंजू राजभर को सीवान जिले के धनौती थाना क्षेत्र के मुड़ा गांव निवासी हरेराम यादव के पुत्र गुड्डू यादव से प्रेम हो गया था। महिला के अनुसार, वह अपने पहले पति और दो बच्चों को छोड़कर वर्ष 2022-23 से ही गुड्डू यादव के साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में रह रही थी।
बताया जाता है कि दो-तीन दिन पहले गुड्डू यादव अंजू को लेकर अपने गांव आया था। लेकिन परिवार वालों ने अंजू को अपनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद शुक्रवार को गुड्डू उसे लेकर सीवान जंक्शन पहुंचा और गांव चले जाने की बात कहकर वहां से चला गया। प्रेमी के इस तरह छोड़कर चले जाने से परेशान अंजू जंक्शन परिसर स्थित रेलवे माइक्रोवेव टावर के पास पहुंची और करीब नौ फीट ऊंची दीवार फांदकर टावर पर चढ़ गयी।
रेलवे कर्मचारियों की नजर महिला पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल आरपीएफ को सूचना दी। महिला को टावर पर चढ़ा देख स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलने पर आरपीएफ के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। महिला को नीचे उतारने की कोशिश की गयी, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया।
आरपीएफ और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने मोबाइल फोन से महिला से संपर्क कर उसे काफी देर तक समझाया, लेकिन उसकी एक ही मांग थी कि उसके प्रेमी को बुलाया जाये और दोनों की कोर्ट मैरिज करायी जाये।रेस्क्यू के दौरान महिला को सुरक्षित रखने के लिए एक कर्मचारी टावर पर ऊपर चढ़ा और उसे बिस्किट व पानी उपलब्ध कराया। अधिकारियों ने उसे समझाया कि पहले वह सुरक्षित नीचे उतर आये, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है। लगातार समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार शाम 4:10 बजे अंजू टावर से नीचे उतर गयी। इसके बाद आरपीएफ ने डायल 112 की पुलिस को बुलाकर महिला को उसके हवाले कर दिया। इस दौरान जंक्शन परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। प्रेमी से शादी की जिद में महिला के टावर पर चढ़ने की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

