home page

सीवान की बेटी तान्या सिंह ने पहले ही प्रयास में रचा इतिहास, आईएएस परीक्षा में 200वां स्थान हासिल

 | 
सीवान की बेटी तान्या सिंह ने पहले ही प्रयास में रचा इतिहास, आईएएस परीक्षा में 200वां स्थान हासिल


सीवान, 07 मार्च (हि.स.)।

सीवान जिले के आंदर प्रखंड के चित्तौड़ गांव की बेटी तान्या सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 200वां स्थान प्राप्त कर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है और गांव सहित पूरे इलाके में गर्व का माहौल है।

तान्या सिंह स्वर्गीय अजय कुमार सिंह और पुष्पा कुमारी की सुपुत्री हैं। कम उम्र में ही उनके पिता का देहांत हो गया था, जिसके बाद उनकी परवरिश और पढ़ाई की जिम्मेदारी उनके मामा संजय सिंह ने संभाली। मामा और उनके परिवार के संपूर्ण सहयोग से तान्या ने बचपन से ही पढ़ाई में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और हर परीक्षा में शानदार अंक प्राप्त किए।

तान्या का सपना बचपन से ही आईएएस बनने का था। इस सपने को साकार करने में उनके मामा संजय सिंह के साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पूरा सहयोग दिया। आखिरकार तान्या ने अपने पहले ही प्रयास में आईएएस परीक्षा में 200वां स्थान हासिल कर यह सपना सच कर दिखाया।

शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो तान्या ने वर्ष 2018 में दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की और आगे की पढ़ाई में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वर्ष 2023 में उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल की।

परिवार के अन्य सदस्यों में उनकी छोटी बहन रिया भी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। तान्या की इस सफलता में अभय सिंह, उत्कर्ष सिंह और डॉ. अरूणित सिंह का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।

इस सफलता से न सिर्फ तान्या के परिवार बल्कि सीवान जिले के लोगों में भी गर्व की भावना है। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma