home page

माता रानी के जयकारों से गूंजा सीवान स्टेशन, वैष्णो देवी दर्शन को रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था

 | 
माता रानी के जयकारों से गूंजा सीवान स्टेशन, वैष्णो देवी दर्शन को रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था


सीवान, 18 सितंबर (हि.स.)। माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच शुक्रवार को सीवान रेलवे स्टेशन से श्रीमाता वैष्णो देवी दर्शन समिति, सीवान के तत्वावधान में श्रद्धालुओं का जत्था माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुआ।

स्टेशन परिसर में यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा। श्रद्धालुओं ने माता रानी का जयकारा लगाते हुए सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की। स्टेशन पर सांसद विजयलक्ष्मी कुशवाहा, दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, वरिष्ठ पत्रकार दीपक पांडेय, राजा सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ अजय कुमार पंडित, दयानंद आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुधांशु शेखर त्रिपाठी, दक्ष बीएससी नर्सिंग कॉलेज के निदेशक डॉ जितेश कुमार सिंह, डॉ ऋचा सिंह और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को रवाना किया।

इस दौरान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सीवान शाखा की संचालिका राजयोगिनी बीके सुधा बहन ने श्रद्धालुओं का तिलक-चंदन लगाकर स्वागत किया और उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। सांसद विजयलक्ष्मी कुशवाहा ने कहा कि माता वैष्णो देवी की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसी धार्मिक यात्राएं लोगों को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करती हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुशासन के साथ सुरक्षित यात्रा पूरी करने की अपील की। दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का माता रानी के दर्शन के लिए जाना क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता को दर्शाता है। डॉ. ऋचा सिंह ने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की। डॉ. जितेश कुमार सिंह ने कहा कि धार्मिक यात्राएं आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करती हैं।

वरिष्ठ पत्रकार दीपक पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने और लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करते हैं। डॉ अजय कुमार पंडित ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्राओं को परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। राजयोगिनी बीके सुधा बहन ने कहा कि तीर्थयात्रा केवल धार्मिक स्थल तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि मन को शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ने का अवसर भी है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना के साथ यात्रा करने की अपील की। मौके पर समिति के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह, संरक्षक अरविंद कुमार पांडेय, सचिव अनूप कुमार, यात्रा प्रभारी सुधीर कुमार समेत जितेंद्र कुमार सिंह, बबलू कुमार सिंह, दुर्गा देवी, मिंटू कुमार, अनामिका कुमारी, प्रेम कुमार सिंह, शंभूनाथ सिंह, ज्योति कुमारी, रंजना सिंह, नीतू सिंह, अमरनाथ शर्मा, सान्या सिंह, महाराणा प्रताप सिंह और जयनाथ सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma