home page

न्यू मार्केट में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ महाअभियान, थैलियां व डिस्पोजल जब्त

 | 
न्यू मार्केट में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ महाअभियान, थैलियां व डिस्पोजल जब्त


कटिहार, 21 सितंबर (हि.स.)। शहर को कचरा व प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम कटिहार ने सोमवार को न्यू मार्केट क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में नगर निगम की टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से कुल 15,700 रूपये का जुर्माना वसूला।

निगम की टीम ने न्यू मार्केट स्थित विभिन्न दुकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन जांच पड़ताल की। इस दौरान दुकानों से सिंगल यूज प्लास्टिक के थैले, डिस्पोजल सामग्री एवं अन्य प्रतिबंधित उत्पाद जब्त किए गए। अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया गया। टीम ने नालों व सड़कों पर फैले अस्थायी अतिक्रमण को हटाया और संबंधित लोगों से नियमानुसार आर्थिक दंड वसूला।

इस अभियान का नेतृत्व नगर आयुक्त संतोष कुमार ने किया। मौके पर स्वच्छता पदाधिकारी नूर अली खान, सहायक अभियंता अभय कुमार, कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह और नगर प्रबंधक ज्योति कृष्णमूर्ति सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह बहिष्कार करने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर पूर्ण रोक लगाने के लिए यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह