home page

किशनगंज में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) परीक्षा

 | 
किशनगंज में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) परीक्षा


किशनगंज, 12 जुलाई (हि.स.)। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) लिखित परीक्षा रविवार को किशनगंज जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए थे।

सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। जिले में कुल 3000 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इनमें से केवल 1167 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1833 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में उपस्थिति 40 प्रतिशत से भी कम रही और करीब 61 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। परीक्षा एक पाली में आयोजित की गई थी, जिसके लिए जिले में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षा के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अनिकेत कुमार, एसडीपीओ (वन) खुसरू सिराज सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया। किसी भी परीक्षा केंद्र से कदाचार, निष्कासन अथवा अन्य किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। एसडीएम अनिकेत कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा कहीं से भी कदाचार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सतर्कता, केंद्राधीक्षकों एवं सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के सहयोग से परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया। जिला प्रशासन ने परीक्षा कार्य में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं केंद्राधीक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह