home page

श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव की भव्य शुरुआत, 1008 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

 | 
श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव की भव्य शुरुआत, 1008 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा


कटिहार, 22 मार्च (हि.स.)। शहरी क्षेत्र के वार्ड नंबर 41 स्थित राम जानकी मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव की शुरुआत कलश शोभायात्रा के साथ हुई। मंदिर प्रांगण से शुरू हुई इस यात्रा में 1008 महिलाओं ने माथे पर कलश लेकर कोसी घाट से जल भरकर वार्ड भ्रमण किया। यात्रा का नेतृत्व मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हरेराम सिंह ने किया।

इस अवसर पर मंदिर कमेटी के सचिन सौरव मालाकार ने बताया कि 22 से 28 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में आचार्य पंडित बृजेश शर्मा भागवत पीपासु महाराज कथा वाचन करेंगे। साथ ही 48 घंटे का हरिनाम संकीर्तन भी होगा। इस दौरान विष्णु महा यज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिसमें मंदिर कमेटी के सदस्य, वार्ड वासी और आसपास के क्षेत्र के लोग शामिल थे। यात्रा के दौरान भक्तों ने जय श्रीराम और हरि बोल के नारे लगाए। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर कलश यात्रा में भाग लिया।

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हरेराम सिंह ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र में भक्ति और शांति का संचार करना है। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन, कीर्तन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे।

कलश यात्रा के बाद मंदिर प्रांगण में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें आचार्य पंडित बृजेश शर्मा ने भक्तों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का महत्व हमारे जीवन में बहुत अधिक है, और इसे सुनने से हमें जीवन के सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह