home page

तेजस्वी यादव को महिलाओं की नहीं, अपनी राजनीति बचाने की चिंता : श्रेयसी सिंह

 | 

पटना, 27 अप्रैल (हि.स.)। बिहार की पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के एनडीए द्वारा महिलाओं के साथ विश्वासघात वाले बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने महिलाओं के साथ कोई विश्वासघात नहीं किया, बल्कि उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानित बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

उन्होंने तेजस्वी यादव को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वे एनडीए सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय अपने शासनकाल में महिलाओं के लिए किए गए एक भी ठोस कार्य को गिनाकर दिखाएं। सच्चाई यह है कि राजद के शासनकाल में महिलाएं भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर थीं।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि आज बिहार में महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत हिस्सा भी बन चुकी हैं। यह बदलाव एनडीए सरकार की नीतियों और संकल्प का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम, पंचायती राज और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण, लखपति दीदी योजना, जीविका समूहों का सशक्तिकरण तथा पुलिस बल में 35 प्रतिशत आरक्षण जैसी ऐतिहासिक पहल ने महिलाओं को नई पहचान और सम्मान दिया है।

उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दौर में महिलाएं घर से निकलने में भी असहज महसूस करती थीं, आज वही महिलाएं बिहार पुलिस और अन्य क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं। बिहार में महिला पुलिस बल की भागीदारी देश के लिए एक मिसाल बन चुकी है।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह उल-जुलूल बयान देकर मीडिया में बने रहने की कोशिश कर रहा है। अगर तेजस्वी यादव को सरकारी योजनाओं की समझ नहीं है, तो उन्हें अपने वरिष्ठ नेताओं से जानकारी लेनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए सरकार चुनाव के दौरान किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और महिलाओं के रोजगार, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए योजनाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की वित्तीय स्थिति पूरी तरह मजबूत है, इसके बावजूद नेता प्रतिपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे बिहार की जागरूक जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त