श्रावणी मेले की तैयारी तेज, तिलेश्वर महादेव मंदिर में हुई समीक्षा बैठक
सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)। सावन माह में आयोजित होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को तिलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मनोहर साहू ने की।
बैठक मे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजीव रंजन, कार्यपालक दंडाधिकारी कमलेश कुमार, मंदिर समिति के सचिव समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सावन के दौरान मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र एवं पहुंच पथ की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेले के दौरान दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने की भी योजना बनाई गई। इसके अलावा निर्माणाधीन पोखर तक पहुंच मार्ग विकसित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं बिजली आपूर्ति के लिए बैकअप की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा श्रावणी मेले के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

