home page

आस्था का जनसैलाब, सावन के आठवें दिन अजगैबीनाथ धाम में उमड़े लाखों शिवभक्त, नेपाल-भूटान से भी पहुंचे श्रद्धालु

 | 
आस्था का जनसैलाब, सावन के आठवें दिन अजगैबीनाथ धाम में उमड़े लाखों शिवभक्त, नेपाल-भूटान से भी पहुंचे श्रद्धालु


भागलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के आठवें दिन शुक्रवार को सुलतानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ गंगा धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा।

देश के कोने-कोने से आए भक्तों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल और भूटान से भी भारी संख्या में शिवभक्त अजगैबीनाथ गंगा तट पहुंचे। उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र जल में स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने पारंपरिक कांवड़ में गंगाजल भरा।

इसके बाद सभी भक्त करीब 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा के लिए झारखंड स्थित देवघर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए।

गंगा घाट से लेकर सुदूर कांवरिया पथ तक का पूरा नजारा भगवामय और केसरियामय नजर आया। चारों ओर केवल शिवभक्तों की कतारें और 'बोल बम' व 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी जयघोष गूंज रहे थे। इस भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पैरों में छाले और थकान के बावजूद बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक की चाह में भक्त निरंतर आगे बढ़ते दिखे।

कांवरिया यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष बिहार और झारखंड सरकार तथा स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा, रोशनी और साफ-सफाई की बेहतरीन व्यवस्था की गई है।

सरकारी प्रबंधों के कारण इस बार की पैदल यात्रा पहले के मुकाबले काफी सुगम और सुरक्षित महसूस हो रही है। कांवरियों का कहना है कि बाबा भोलेनाथ औघड़दानी हैं। वे अपने दरबार में आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूरी करते हैं।

इसी अटूट आस्था और विश्वास के सहारे लाखों शिवभक्त बिना रुके, बिना थके बोल बम के नारे लगाते हुए बाबाधाम की ओर बढ़ते जा रहे हैं। पूरा क्षेत्र इस समय पूरी तरह शिवमय हो चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर