बोल बम के नारों से गूंजा सुल्तानगंज, आस्था की डुबकी लगा देवघर रवाना हुए लाखों शिवभक्त
भागलपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। सावन के पावन महीने में सुल्तानगंज का अजगैबीनाथ गंगा धाम पूरी तरह शिवमय हो चुका है। अजगैबीनाथ से लेकर झारखंड के बाबाधाम (देवघर) तक का पूरा इलाका भगवा और केसरिया रंग में रंग गया है।
सावन मास के छठे दिन अजगैबीनाथ गंगा तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के कोने-कोने से आए शिवभक्तों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में कांवरिया सुल्तानगंज पहुंच रहे हैं। उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु अपने कंधे पर पवित्र गंगाजल से भरा कांवर लेकर 105 किलोमीटर लंबी कठिन पैदल यात्रा पर रवाना हो रहे हैं।
गंगा तट से लेकर कांवरिया पथ तक का पूरा मार्ग 'बोल बम' और 'हर हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान है। पैदल यात्रा की मुश्किलों को भूलकर भोलेनाथ की मस्ती में चूर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
कांवरियों ने बताया, भोलेनाथ औघड़ दानी हैं, वे अपने हर भक्त का ख्याल रखते हैं। इसी अटूट विश्वास के कारण कदमों में कोई थकान महसूस नहीं होती। इस वर्ष श्रावणी मेले को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक इंतजामों से श्रद्धालु काफी संतुष्ट नजर आए।
कांवरियों ने प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की। उत्साह और भक्ति के अनूठे संगम के बीच, सुल्तानगंज से देवघर के लिए शिवभक्तों के कदम लगातार बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए बढ़ते जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

