home page

डीएम और एसएसपी ने नमामि गंगा घाट का किया निरीक्षण, अव्यवस्था देख भड़के, सीओ को फटकार

 | 
डीएम और एसएसपी ने नमामि गंगा घाट का किया निरीक्षण, अव्यवस्था देख भड़के, सीओ को फटकार


भागलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियों और कांवड़ियों की सुरक्षा का जायजा लेने शनिवार को जिलाधिकारी (डीएम) अलंकृता पाण्डेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव नमामि गंगा घाट पहुंचे। मेला क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान घाट की सीढ़ियों पर अव्यवस्थित तरीके से रखी चौकियां देखकर डीएम भड़क गईं।

उन्होंने इस लापरवाही के लिए अंचल अधिकारी (सीओ) रमण कुमार को कड़ी डांट-फटकार लगाई। डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी चौकियों को तत्काल सीढ़ियों से हटाकर ऊपर व्यवस्थित किया जाए ताकि शिवभक्तों को अर्घ्य अर्पण और स्नान में कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में तुरंत सुधार नहीं हुआ, तो सीओ के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश और कांवड़ियों के लिए बनाए गए रूट चार्ट की समीक्षा की। डीएम अलंकृता पाण्डेय ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सुल्तानगंज पहुंचने वाले लाखों कांवड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित माहौल देना है। इसके लिए पूरा प्रशासनिक अमला लगातार मेला क्षेत्र की मॉनिटरिंग कर रहा है और किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर