home page

श्रावणी मेला, कांवरियों की सुविधा को लेकर प्रशासन अलर्ट, विक्रमशिला पुल का एसडीएम और सिटी डीएसपी ने किया निरीक्षण

 | 
श्रावणी मेला, कांवरियों की सुविधा को लेकर प्रशासन अलर्ट, विक्रमशिला पुल का एसडीएम और सिटी डीएसपी ने किया निरीक्षण


भागलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। श्रावणी मेले के दौरान लाखों कांवरियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भागलपुर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में भागलपुर के सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विकास कुमार एवं सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने गुरुवार को विक्रमशिला पुल का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुल पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और कांवरियों के आवागमन की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला के दौरान किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक परेशानी न हो। विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कांवरियों के लिए निर्धारित मार्ग पूरी तरह सुचारु रहे तथा यातायात का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जाए। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखने तथा संभावित जाम की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

एसडीएम विकास कुमार ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और सुगम यात्रा का अनुभव मिले। वहीं सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। श्रावणी मेले के मद्देनज़र जिला प्रशासन का यह निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर