सुल्तानगंज में कल से विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का आगाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन, तैयारियां पूरी
भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के महापर्व विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के भव्य शुभारंभ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल, यानी 28 जुलाई को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन करेंगे।
एक महीने तक चलने वाले इस महापर्व के उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आला प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से नमामि गंगे घाट पर एक बेहद भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है।
इसी पंडाल में मुख्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जहां से मुख्यमंत्री श्रावणी मेले की शुरुआत की आधिकारिक घोषणा करेंगे। एक महीने तक चलने वाले इस मेले में देश-विदेश से लाखों की संख्या में कांवरिया सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का जल भरकर देवघर (झारखंड) के लिए रवाना होते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की है।
जिला प्रशासन ने दावा किया है कि उद्घाटन समारोह से लेकर पूरे मेले के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए लगभग सभी तैयारियां ससमय पूरी कर ली गई हैं, ताकि यहां आने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

