home page

श्रावणी महोत्सव में प्रतिदिन 3 से 4 हजार कांवरियों की सेवा करेगा गुलाबबाग-पूर्णिया सेवा शिविर

 | 
श्रावणी महोत्सव में प्रतिदिन 3 से 4 हजार कांवरियों की सेवा करेगा गुलाबबाग-पूर्णिया सेवा शिविर


पूर्णिया, 12 जुलाई (हि.स.)।

श्रावणी महोत्सव के अवसर पर विश्वकर्मा नगर, कटोरिया में आयोजित होने वाले गुलाबबाग-पूर्णिया सेवा शिविर की सफलता को लेकर गुलाबबाग स्थित पाट व्यवसाय भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी बबलू भगत ने की।

बैठक में पूरे सावन माह सेवा शिविर के सुचारु संचालन, विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा सेवा कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि शिविर में प्रतिदिन लगभग तीन से चार हजार कांवरियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, विश्राम, प्राथमिक उपचार एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सेवा शिविर के संचालन को बेहतर और अनुशासित बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। भोजन व्यवस्था, जलापूर्ति, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, सुरक्षा, आवास एवं श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन से संबंधित जिम्मेदारियां अलग-अलग कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए बबलू भगत ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। श्रावणी महोत्सव में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त की सुविधा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं से निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।

बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सेवा शिविर को सफल बनाने तथा शिवभक्तों की सेवा में पूरे समर्पण के साथ कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह