home page

शॉर्ट सर्किट से चार घरों में लगी आग, गृहस्वामी झुलसे

 | 
शॉर्ट सर्किट से चार घरों में लगी आग, गृहस्वामी झुलसे


सुपौल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र की निर्मली पंचायत स्थित बेलानगर वार्ड नंबर-3 में शनिवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना में पिंटू मंडल, मंटू मंडल, बिंदेश्वरी मंडल और हरेराम शर्मा के घर जलकर राख हो गए। बताया गया कि परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद सो रहे थे। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर अफरातफरी मच गई। घर में बंधे बछड़े को बचाने के दौरान गृहस्वामी पिंटू मंडल झुलस गए।

आग में घरों में रखा घरेलू सामान, अनाज, फर्नीचर, जरूरी कागजात और करीब 20 हजार रुपये नकद जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची।

घटना की सूचना अंचलाधिकारी आकांक्षा कुमारी और थानाध्यक्ष किशोर कुमार को दी गई। अंचलाधिकारी ने मामले की जांच के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र