पीरपैंती में बगीचे की रखवाली कर रहे किसान को मारी गोली, मायागंज रेफर
भागलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में वर्षों से चले आ रहे जमीनी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है। हथियारबंद अपराधियों ने बगीचे की रखवाली कर रहे एक 37 वर्षीय किसान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल किसान की पहचान किशोरी पासवान (37 वर्ष) के रूप में हुई है।
घायल किसान के भाई सुबोध पासवान ने बताया कि किशोरी बीते देर रात अपने बगीचे की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान तड़के करीब 4 बजे घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोली किशोरी के पेट और जांघ में लगी, जिसके बाद वे घटनास्थल पर ही गिरकर काफी देर तक तड़पते रहे। गोली चलने की आवाज और सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, बुलेट अभी भी शरीर के अंदर फंसी हुई है और उसे निकालने के लिए ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है। परिजनों ने इस जानलेवा हमले का सीधा आरोप किसान के चाचा मोहन पासवान पर लगाया है। भाई सुबोध पासवान के मुताबिक, चाचा के साथ कई वर्षों से जमीन का विवाद चल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि विवादित जमीन के वैध कागजात और कानूनी मालिकाना हक उनके पास है, लेकिन इसके बावजूद विपक्षी पक्ष की ओर से दुश्मनी जारी है और इसी रंजिश में उनके भाई की जान लेने की कोशिश की गई है।
इस मामले में पीरपैंती थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की मौखिक जानकारी पुलिस को प्राप्त हुई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अपने स्तर से छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर जल्द ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

