अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से मरीज बेहाल, घंटों लाइन में लगने को मजबूर
भागलपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले के पीरपैंती रेफरल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को ओपीडी में चार चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित थी, लेकिन केवल दो डॉक्टरों के मौजूद रहने से अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों की लंबी कतार लग गई। कई मरीज घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. अर्चना कुमारी और डॉ. स्वाती कुमारी यादव ने बताया कि सोमवार को ओपीडी में चार डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन केवल वे दोनों ही ड्यूटी पर मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि मरीजों की संख्या काफी अधिक थी, ऐसे में दो डॉक्टरों के लिए सभी मरीजों को समय पर देख पाना संभव नहीं था।
डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी भी देखने को मिली। कई लोगों ने अस्पताल प्रशासन से नियमित रूप से सभी चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके और उन्हें घंटों इंतजार न करना पड़े।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेफरल अस्पताल क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यदि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक समय पर उपस्थित नहीं होंगे, तो इसका सीधा असर मरीजों के इलाज पर पड़ेगा।
लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

