शीतला माता मंदिर में हुई मौतों के लिए सरकार जिम्मेदार: राजेश राम
पटना, 31 मार्च (हि.स.)। नालंदा के शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ और 9 श्रद्धालुओं की मौत पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने राज्य सरकार को इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू की सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पंचायत स्तरीय नेताओं के पीछे घूमने के लिए पुलिस बल उपलब्ध रहता है, लेकिन शीतला माता मंदिर में आए हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सरकार एक भी पुलिस जवान की तैनाती नहीं कर सकी। लगभग दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद वहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का एक जवान तक मौजूद नहीं था। भगदड़ के बाद लोग दम घुटने से तड़पते रहे, लेकिन समय पर एंबुलेंस तक नहीं पहुंची। यदि समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाता तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी। मारे गए श्रद्धालुओं को श्रद्धांजली देने के लिए सदाकत आश्रम में दो मिनट का मौन रखा गया।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के आला पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा, वरिष्ठ नेता असित नाथ तिवारी, ब्रजेश प्रसाद मुनन , पंकज यादव और चंद्रभूषण राजपूत भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

