home page

जीविका दीदियों के हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए खुलेंगे शी मार्ट : डीएम

 | 
जीविका दीदियों के हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए खुलेंगे शी मार्ट : डीएम


किशनगंज, 25 नवंबर (हि.स.)। जीविका दीदियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में शी मार्ट खोले जाएंगे। इसको लेकर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिला ग्रामीण विकास अभिकरण एवं शहरी आजीविका मिशन के सहयोग से शी मार्ट के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर आवंटित करने का निर्देश दिया है। बुधवार को समाहरणालय में आयोजित जीविका कार्य प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक में डीएम ने ये निर्देश दिए।

बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार व्यवस्था विकसित की जाए। इसके लिए डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा को प्रभावी रणनीति तैयार कर काम करने का निर्देश दिया। बैठक में डीपीएम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक जीविका की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों में तेजी लाने का निर्देश दिया। खासकर सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

वहीं, सीजन शुरू होने से पहले महानंदा लीफ चायपत्ती का उत्पादन बढ़ाने की दिशा में विशेष पहल करने को कहा। डीएम ने निर्धारित जीविका स्वयं सहायता समूहों को एक सप्ताह के भीतर ड्राइव मोड में परिक्रमी निधि उपलब्ध कराने तथा समूहों का बैंक लिंकेज लक्ष्य पूरा करने का भी निर्देश दिया। बैठक में जीविका सुधा बिक्री केंद्र, मुर्गीपालन, बकरीपालन और मछली पालन से जुड़ी गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा जीविका सामुदायिक पुस्तकालय सह करियर विकास केंद्र के संचालन का विस्तार करने पर जोर दिया गया।

डीएम ने जीविका दीदियों की नर्सरी, सिलाई घर, जीविका दीदी की रसोई, सफाई घर, लॉन्ड्री सेवा, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और सतत जीविकोपार्जन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन और सामुदायिक संगठनों से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में उप विकास आयुक्त, जीविका परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह