home page

शहजाद अली हत्या मामले में दो और नामजद अभियुक्त गिरफ्तार

 | 
शहजाद अली हत्या मामले में दो और नामजद अभियुक्त गिरफ्तार


सीवान, 07 जून (हि.स.)। जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में हुए शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने आज बताया कि कांड के अग्रेतर अनुसंधान के क्रम में तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर घटना में संलिप्त दो अन्य नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि 30 मई 2026 को शिवराजपुर गांव निवासी शहजाद अली की हत्या की सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी लगाया गया तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद बड़हरिया थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

उन्होंने बताया कि हत्याकांड के त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के दौरान पहले ही तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।

एसपी ने बताया कि अब गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में छठु मांझी तथा मंटू मांझी शामिल हैं। दोनों शिवराजपुर गांव के निवासी हैं और घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई है।

पुरन कुमार झा ने कहा कि इस हत्याकांड में अब तक कुल पांच अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं तथा दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों के विरुद्ध ठोस साक्ष्य संकलित कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कठोर सजा दिलाई जाएगी।

एसपी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को पुलिस रिमांड पर लेकर घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी, ताकि पूरे घटनाक्रम और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma